साइबर ठगी के अलग-अलग मामलों में दो आरोपी गिरफ्तार, साइबर थाना NIT की कार्रवाई

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में साइबर थाना NIT की टीम ने साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पहले मामले में टेलीग्राम के माध्यम से निवेश पर मुनाफे का लालच देकर 3,67,824 रुपये की ठगी की गई, जबकि दूसरे मामले में गैस एजेंसी की फर्जी KYC एप्लीकेशन भेजकर मोबाइल हैक कर खाते से 20,000 रुपये निकाल लिए गए।

मामला-1: टेलीग्राम पर निवेश का लालच देकर 3,67,824 रुपये की ठगी

पुलिस प्रवक्ता अनुसार गांव अनंगपुर निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 28 सितंबर को उसके टेलीग्राम पर निवेश कर मुनाफा कमाने का संदेश आया था। शुरुआत में उसने 374 रुपये निवेश किए, जिसके बदले उसे 600 रुपये वापस मिले। इससे उसका विश्वास बढ़ गया और ठगों ने अधिक मुनाफे का लालच देकर उससे अलग-अलग किस्तों में कुल 3,67,824 रुपये जमा करवा लिए। बाद में आरोपितों ने रकम फ्रीज होने का बहाना बनाकर 2,69,880 रुपये और जमा करवाने की मांग की, जिसके बाद शिकायतकर्ता को अपने साथ हुई साइबर ठगी का पता चला।

मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना NIT की टीम ने बिक्रम निवासी सेक्टर-25, मदनपुरी, पंचकूला को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अपने एक जानकार के माध्यम से अपना बैंक खाता आगे ठगी करने वालों को उपलब्ध करवाया था। आरोपी के खाते में ठगी के 68,000 रुपये प्राप्त हुए थे। जिसको अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

मामला-2: गैस एजेंसी का कस्टमर केयर नंबर सर्च करना पड़ा महंगा, फर्जी KYC एप्लीकेशन से मोबाइल हैक कर 20 हजार रुपये निकाले

पुलिस प्रवक्ता अनुसार उत्तम नगर, फरीदाबाद निवासी शिकायतकर्ता का इंडेन गैस कनेक्शन से सिलेंडर बुक नहीं हो रहा था। इस पर उसने गूगल पर रिच फ्लेम गैस एजेंसी का कस्टमर केयर नंबर सर्च किया। वहां मिले नंबर पर कॉल नहीं लगने के कुछ समय बाद उसके पास दूसरे नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताते हुए KYC लंबित होने की बात कही और ऑनलाइन KYC के लिए इंडेन गैस के लोगो वाली एक एप्लीकेशन भेजी। एप्लीकेशन पर क्लिक करते ही शिकायतकर्ता का मोबाइल फोन हैक हो गया और उसकी स्क्रीन ब्लैक हो गई। बाद में बैंक स्टेटमेंट चेक करने पर पता चला कि साइबर ठगों ने उसके खाते से 20,000 रुपये निकाल लिए हैं।

इस मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने आरोपी विसंत कुमार निवासी गांव बरला, जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अपने पिता का बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध करवाया हुआ था। उक्त खाते पर अन्य राज्यों में साइबर ठगी के 7 मामले दर्ज पाए गए हैं। आरोपी द्वारा उपलब्ध करवाए गए खाते में ठगी के 10,000 रुपये प्राप्त हुए थे। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।