यमुना पुल पर नाकाबंदी के दौरान अवैध शराब की 84 बोतलें बरामद, दो शराब तस्कर आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली से शराब खरीदकर अलीगढ़ ले जा रहे थे दोनों आरोपी, तस्करी में इस्तेमाल महिंद्रा XUV 300 गाड़ी भी जब्त

  • थाना छांयसा की इंटर स्टेट नाका टीम ने मोहना-बागपुर रोड पर कार्रवाई कर पकड़ी अवैध शराब की खेप

फरीदाबाद : अवैध शराब की तस्करी करने वालों के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस लगातार शिकंजा कस रही है। इसी अभियान के तहत थाना छांयसा पुलिस की इंटर स्टेट नाका टीम ने मोहना में यमुना पुल के पास नाकाबंदी के दौरान एक महिंद्रा XUV 300 गाड़ी से 84 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही गाड़ी को भी जब्त कर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना छांयसा पुलिस की टीम यमुना पुल पार मोहना-बागपुर रोड पर इंटर स्टेट नाका लगाकर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान यमुना पुल की तरफ से एक काले रंग की महिंद्रा XUV 300 आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने गाड़ी को रुकवाकर तलाशी ली तो उसमें अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद हुईं।

पुलिस ने गाड़ी में सवार दोनों व्यक्तियों को काबू कर पूछताछ की। आरोपियों की पहचान सौरव चौधरी निवासी गांव ऐदलपुर, जिला अलीगढ़ तथा यश पाठक निवासी मालीपुरा, जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। पूछताछ में सामने आया कि दोनों दिल्ली से शराब खरीदकर अलीगढ़ ले जा रहे थे। गाड़ी चालक एवं मालिक सौरव चौधरी से शराब के परिवहन और कब्जे संबंधी वैध लाइसेंस व परमिट मांगा गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस टीम ने नियमानुसार गाड़ी की तलाशी लेकर कुल 84 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। बरामद शराब में 45 बोतल रॉक फोर्ड, 22 बोतल ब्लेंडर्स प्राइड, 5 बोतल सिग्नेचर और 12 बोतल इंपीरियल ब्लू शामिल हैं। पुलिस ने शराब की खेप के साथ तस्करी में प्रयुक्त महिंद्रा XUV 300 गाड़ी को भी जब्त कर लिया।

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना छांयसा में हरियाणा आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।