होली चाइल्ड पब्लिक स्कूल में फरीदाबाद पुलिस ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, यातायात नियमों एवं साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक
फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 04 नवम्बर 2026 को थाना सेक्टर-31, चौकी सेक्टर-28, ट्रैफिक पुलिस एवं सामुदायिक पुलिसिंग सेल की टीम द्वारा होली चाइल्ड पब्लिक स्कूल, सेक्टर-29, फरीदाबाद में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, धूम्रपान एवं तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान तथा नशीले पदार्थों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही यातायात नियमों की जानकारी देते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया तथा विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों, उनकी सुरक्षा तथा साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों के बारे में भी जानकारी दी। विद्यार्थियों को साइबर ठगी होने की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया।
थाना प्रभारी सेक्टर-31 ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं। उन्हें अपने जीवन में नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद एवं सकारात्मक गतिविधियों पर ध्यान देना चाहिए। यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने, किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करने तथा अपनी व्यक्तिगत एवं बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक बनने और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी नशे तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
फरीदाबाद पुलिस का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशामुक्त, अपराधमुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में जागरूक भागीदार बनाना है। पुलिस द्वारा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
