पुलिस की पाठशाला के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिकरी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
विद्यार्थियों एवं स्कूल स्टाफ को नशा मुक्ति, साइबर अपराध व महिला सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा विद्यार्थियों को जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पुलिस चौकी सिकरी एवं सामुदायिक पुलिसिंग सेल फरीदाबाद की टीम द्वारा संयुक्त रूप से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सिकरी में “पुलिस की पाठशाला” के तहत नशा मुक्ति, साइबर अपराध, डायल 112, दुर्गा शक्ति ऐप एवं महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 1200 विद्यार्थियों एवं स्कूल स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया गया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार एवं भविष्य को बर्बाद कर देता है। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, गलत संगति से बचने तथा खेलकूद एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके साथ ही सामुदायिक पुलिसिंग सेल की टीम ने साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के तरीके बताए। विद्यार्थियों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, OTP, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने तथा साइबर अपराध होने पर तुरंत शिकायत दर्ज कराने के लिए जागरूक किया गया। साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।

महिला सुरक्षा के विषय पर छात्राओं को डायल 112 की आपातकालीन पुलिस सहायता सेवा एवं दुर्गा शक्ति ऐप के बारे में विस्तार से बताया गया। उन्हें जागरूक किया गया कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या आपातकालीन स्थिति में बिना संकोच पुलिस की सहायता लें। साथ ही डायल 112 के सही उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना, साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताना तथा महिला सुरक्षा एवं पुलिस की आपातकालीन सेवाओं के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।
इस अवसर पर विद्यालय की इंचार्ज श्रीमती प्रीति शर्मा, श्री नरेंद्र यादव, श्री मोहनलाल शर्मा, श्री अशोक पांचाल, श्री राजेश कुमार, श्रीमती स्नेहलता, लिपिक श्री संजीव कुमार सहित विद्यालय के समस्त अध्यापकगण उपस्थित रहे।
विद्यालय प्रशासन ने फरीदाबाद पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने तथा नशामुक्त एवं अपराधमुक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
