NHPC चौक पर मारपीट कर मोबाइल फोन छीनने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने दो आरोपितों को किया गिरफ्तार

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा लूटपाट एवं छीना-झपटी की वारदातों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। 1 नवंबर की रात को NHPC चौक पर वेटर से मारपीट कर मोबाइल फोन छीनने के मामले मेंअपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक निवासी जटावरी, मथुरा उत्तर प्रदेश तथा साहिल निवासी गांव गंगोली, रायबरेली उत्तर प्रदेश, हाल निवासी परमेश्वरी कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार गौतम राय निवासी गांव धौन कोल, जिला उत्तर दिनाजपुर, पश्चिम बंगाल, हाल निवासी गांव मेवला महाराजपुर, फरीदाबाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 01 नवम्बर की रात करीब 2 बजे वह काम खत्म करने के बाद NHPC चौक, दिल्ली-मथुरा रोड पर ऑटो का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों व एक स्कूटी पर सवार होकर चार युवक वहां पहुंचे। जिन्होंने शिकायतकर्ता व उसके साथियों के साथ मारपीट की और शिकायतकर्ता का मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए। शिकायत पर थाना सराय ख्वाजा में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ की गई थी।

उन्होंने आगे बताया कि अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने कार्रवाई करते हुए 2 नवंबर को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि वारदात में शामिल चारों आरोपी दोस्त हैं और उन्होंने मिलकर लूट की योजना बनाई थी। योजना के अनुसार चारों NHPC चौक पहुंचे और शिकायतकर्ता के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी अशोक से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।

दोनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से आरोपी साहिल को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया, जबकि आरोपी अशोक को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। अन्य दो आरोपितों कि तलाश जारी है..