त्योहारों को लेकर फरीदाबाद पुलिस अलर्ट, बल्लभगढ़ जोन में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
बाजारों, प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल रहेगा तैनात
- 13 ERV प्वाइंट सहित PCR, राइडर और हाईवे पेट्रोलिंग टीमें रहेंगी सक्रिय, 18 स्थानों पर रहेगी नाकाबंदी
- आमजन की सुरक्षा फरीदाबाद पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता- प्रतीक अग्रवाल, डीसीपी बल्लभगढ़
फरीदाबाद : आगामी धनतेरस, दीपावली, विश्वकर्मा पूजा, गोवर्धन पूजा एवं भाई दूज के त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न करवाने के लिए फरीदाबाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस उपायुक्त बल्लभगढ़ प्रतीक अग्रवाल के दिशा-निर्देशानुसार बल्लभगढ़ जोन के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। बाजारों, धार्मिक स्थलों, प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार बल्लभगढ़ शहर, आदर्श नगर, सदर बल्लभगढ़, तिगांव एवं छायंसा सहित विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस की विशेष टीमें दो शिफ्ट में ड्यूटी करेंगी। प्रमुख बाजारों में पैदल गश्त, महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच के निर्देश दिए गए हैं। अंबेडकर चौक, बस स्टैंड, चावला कॉलोनी, अग्रसेन चौक, डीलर चौक, मलेरना रोड, सब्जी मंडी, चंदावली पुल, जाट चौक बाईपास एवं IMT चौक सहित प्रमुख 18 स्थानों पर नाकाबंदी कर चेकिंग की जाएगी।
आपातकालीन सहायता के लिए 13 ERV प्वाइंट सहित PCR, राइडर एवं हाईवे पेट्रोलिंग टीमों को सक्रिय किया गया है। इसके अलावा ज्वैलरी शोरूम, होटल, धर्मशालाओं एवं प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की चेकिंग कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जाएगी और अफवाह फैलाने अथवा धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस उपायुक्त बल्लभगढ़ प्रतीक अग्रवाल ने कहा कि त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी थाना प्रबंधकों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, लगातार गश्त करने और संवेदनशील स्थानों पर प्रभावी पुलिस व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी निगरानी रखेंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस टीमें अलर्ट रहेंगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि त्योहारों को आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
फरीदाबाद पुलिस की अपील:
नागरिक खरीदारी के दौरान अपने सामान एवं कीमती वस्तुओं का ध्यान रखें, वाहनों को निर्धारित पार्किंग में खड़ा करें और यातायात नियमों का पालन करें। सोशल मीडिया पर अपुष्ट सूचनाएं साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें।
