गांव अलावलपुर स्थित लॉ कॉलेज में नशा-विरोधी जागरूकता सेमिनार, 135 विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए किया प्रेरित
थाना धौज की टीम ने आयोजित किया कार्यक्रम, विद्यार्थियों को बताए स्वस्थ जीवनशैली, योग एवं तनाव प्रबंधन के उपाय
फरीदाबाद : युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से थाना धौज की टीम द्वारा बी.एस. अनंगपुरिया लॉ कॉलेज में नशा-विरोधी एवं वेलनेस जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 135 विद्यार्थियों के साथ कॉलेज फैकल्टी एवं स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया।

थाना प्रबंधक अनिल कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके पारिवारिक जीवन और भविष्य को भी बर्बाद कर देता है। युवाओं को खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेकर नशे से दूर रहना चाहिए। उन्होंने नशा तस्करी की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील करते हुए आश्वस्त किया कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
सेमिनार में आचार्य करमवीर ने विद्यार्थियों को योग, ध्यान, सकारात्मक सोच एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर तनाव और नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने तनाव प्रबंधन, प्राकृतिक चिकित्सा, अष्टांग योग एवं मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं उपस्थित सदस्यों ने जीवनभर नशे से दूर रहने तथा नशा-मुक्त एवं अपराध-मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की शपथ ली। फरीदाबाद पुलिस ने विद्यार्थियों से नशा विरोधी अभियान का संदेश अपने परिवार एवं समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।
