दो अलग-अलग साइबर ठगी के मामलों में साइबर थाना बल्लभगढ़ की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने दो अलग-अलग साइबर ठगी के मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजरुद्दीन निवासी गांव पायला कलां, जिला बालोतरा, राजस्थान तथा शिवम निवासी गांव इंदराई, जिला फिरोजपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

मामला 1: फोन हैक कर महिला के खाते से निकाले थे 1,26,701 रुपये, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-8 निवासी एक महिला ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी थी कि 5 अक्टूबर को उसका मोबाइल फोन अचानक हैक हो गया, जिसके बाद उसके बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 1,26,701 रुपये निकल गए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने आरोपी अजरुद्दीन निवासी गांव पायला कलां, जिला बालोतरा, राजस्थान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अपना बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध करवाया हुआ था, जिसमें ठगी की 98,701 रुपये की राशि प्राप्त हुई थी। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मामला 2: इंस्टाग्राम पर स्टेच्यू बनाने की रील देखकर महिला हुई ठगी का शिकार, 32,680 रुपये ठगे
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि विष्णु कॉलोनी, बल्लभगढ़ निवासी एक महिला ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी थी कि 15 अक्टूबर को वह इंस्टाग्राम पर रील देख रही थी। इसी दौरान उसे स्टेच्यू बनाने से संबंधित एक रील दिखाई दी। रील के नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करने के बाद उसकी व्हाट्सएप के माध्यम से बातचीत शुरू हो गई। ठगों ने उसे स्टेच्यू बनवाने का झांसा देकर विश्वास में लिया और अलग-अलग तरीकों से उससे 32,680 रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने आरोपी शिवम निवासी गांव इंदराई, जिला फिरोजपुर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने पहले गिरफ्तार खाताधारक रमन का बैंक खाता लेकर साइबर ठगों तक पहुंचाया था, जिसमें ठगी की 32,680 रुपये की राशि प्राप्त हुई थी। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जायेगा।
फरीदाबाद पुलिस की अपील: किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और सोशल मीडिया पर दिखने वाले आकर्षक ऑफर के झांसे में न आएं। साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करवाएं।
