अवैध पटाखों के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस की कार्रवाई, दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपित गिरफ्तार, 166.683 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे बरामद
फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा अवैध रूप से पटाखों की बिक्री एवं भंडारण करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अपराध शाखा सेक्टर-56 और अपराध शाखा बॉर्डर की टीमों ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से कुल 166.683 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे बरामद किए हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि सोनू निवासी मेन मार्केट, मोहना अपनी दुकान के पीछे बने एक खंडहर में अवैध रूप से पटाखे बेचने का काम करता है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपित सोनू को गिरफ्तार किया तथा उसके कब्जे से 41.450 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे बरामद किए।
वहीं, अपराध शाखा बॉर्डर की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति गाड़ी में प्रतिबंधित पटाखे भरकर बजरंग चौक के पास बिक्री करने की फिराक में खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपित विकास निवासी सराय को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 125.233 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे बरामद किए।
फरीदाबाद पुलिस का उद्देश्य शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखना तथा आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। अवैध पटाखों की बिक्री एवं भंडारण सहित गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
