रीसाइक्लिंग प्रोजेक्ट में निवेश के नाम पर 1 लाख रुपये की साइबर ठगी

पुलिस रिमांड पर लेकर के जा रही है पूछताछ, अब तक सात आरोपी किये जा चुके हैं गिरफ्तार

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा साइबर ठगी के मामलों में ठगों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने टाटा कंपनी के साथ रीसाइक्लिंग प्रोजेक्ट में निवेश करने के नाम पर 1 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में बैंक खाता उपलब्ध करवाने वाले राहुल मिश्रा निवासी जयपुर, राजस्थान को गिरफ्तार किया है। मामले में अब तक कुल सात आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार सेक्टर-7, बल्लभगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी कि वह इंस्टाग्राम पर सर्फिंग कर रहा था। इसी दौरान उसे इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन से संबंधित एक विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद वह एक व्हाट्सऐप चैट पर पहुंच गया, जहां उसकी बातचीत एक जापानी महिला से हुई। महिला ने उसे टाटा कंपनी के साथ रीसाइक्लिंग प्रोजेक्ट में निवेश करने पर 300 प्रतिशत मुनाफा कमाने का लालच दिया। उसके झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने 1 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में ठगी का एहसास होने पर उसने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ अनुसार आरोपी राहुल मिश्रा ने अनुराग से खाताधारक संदीप और आशीष के करंट बैंक खाते प्राप्त किए थे। इसके बाद इन खातों को आगे शिवम को उपलब्ध करवाया गया। ठगी की 1 लाख रुपये की राशि उक्त खातों में आई थी। इस मामले में संदीप, आशीष और अनुराग सहित अब तक कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।