भगवान श्रीराम और भरत जी का मिलाप त्याग, समर्पण, प्रेम और मर्यादा की अनुपम मिसाल – डॉ राजेश भाटिया
फरीदाबाद। सिद्धपीठ श्री हनुमान मंदिर, श्री सनातन धर्म महाबीर दल एवं पंजाबी सभा, फरीदाबाद द्वारा आयोजित भरत मिलाप समारोह श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़खल विधायक धनेश अदलक्खा व् फरीदाबाद के पूर्व विधायक चंदर भाटिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के प्रति अपनी आस्था प्रकट की और भरत मिलाप की पावन परंपरा के साक्षी बने।

मंदिर संस्था के प्रधान डॉ. राजेश भाटिया ने कहा कि भगवान श्रीराम और भरत जी का मिलाप त्याग, समर्पण, प्रेम और मर्यादा की अनुपम मिसाल है। यह पावन प्रसंग हमें सिखाता है कि रिश्तों की वास्तविक सुंदरता स्वार्थ में नहीं, बल्कि एक-दूसरे के प्रति सम्मान, विश्वास और निस्वार्थ भाव में होती है। भरत जी ने राजसिंहासन का त्याग कर भाई के प्रति अपने प्रेम और कर्तव्य को सर्वोपरि रखा। उन्होंने कहा कि आज के समय में श्रीराम और भरत जी के आदर्शों को अपनाकर परिवारों में प्रेम, समाज में सद्भाव और आपसी रिश्तों में मजबूती लाई जा सकती है।

पंजाबी सभा के प्रधान राजकुमार वोहरा ने कहा कि भारत मिलाप का प्रसंग समाज को आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम और सद्भाव के साथ रहने की प्रेरणा देता है। आज के समय में ऐसे सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को अपने महापुरुषों के आदर्शों से परिचित कराने और पारिवारिक संस्कारों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मुख्य अतिथि एवं फरीदाबाद के पूर्व विधायक चंदर भाटिया ने कहा कि भगवान श्रीराम और भरत का मिलन भाईचारे, निस्वार्थ प्रेम और त्याग की अनुपम मिसाल है। भरत जी ने सत्ता के बजाय अपने बड़े भाई के प्रति सम्मान और समर्पण को प्राथमिकता देकर आदर्श भाई का उदाहरण प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा कि हमें इन आदर्शों को केवल धार्मिक आयोजनों तक सीमित न रखकर अपने दैनिक जीवन में भी अपनाना चाहिए। उन्होंने इस परंपरा को जीवंत रखने के लिए आयोजक संस्थाओं की सराहना की। समारोह के दौरान भक्तिमय वातावरण रहा। अंत में आयोजक संस्थाओं की ओर से मुख्य अतिथि, सभी गणमान्य व्यक्तियों, श्रद्धालुओं एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया।
