मीडिया विभाग के ‘क्लब ओरिएंटेशन’ कार्यक्रम में नए विद्यार्थियों का उत्साहपूर्ण स्वागत
समाज और मीडिया के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने का लिया सामूहिक संकल्प
फरीदाबाद, 21 अक्टूबर। जे.सी.बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए के संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा विभागीय क्लब संचार, दृश्य एवं युवा फॉर सेवा के संयुक्त तत्वावधान में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए क्लब ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विभागीय क्लबों की कार्यप्रणाली, गतिविधियों तथा उनके माध्यम से मिलने वाले व्यावहारिक अनुभवों से परिचित कराना था। इस अवसर पर प्रतिभावान क्लब सदस्यों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में प्रो.(डॉ.) अनुराधा शर्मा, प्रोफेसर एवं डीन,फैकल्टी ऑफ लिबरल आर्ट्स एंड मीडिया स्टडीज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. (डॉ.) पवन सिंह ने की। इस अवसर पर सहायक प्रोफेसर डॉ.सोनिया हुड्डा, डॉ. अखिलेश त्रिपाठी, डॉ. नरेंद्र ढुल, वरिष्ठ प्रशिक्षक दुष्यंत त्यागी, प्रोडक्शन सहायक विशाल बेरवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद संचार, दृश्य एवं युवा फॉर सेवा क्लबों की कोर टीम द्वारा पीपीटी के माध्यम से आकर्षक प्रस्तुति से क्लबों के उद्देश्य, कार्यों और उपलब्धियों से विद्यार्थियों को अवगत कराया। इस दौरान प्रत्येक क्लब की कोर टीम का परिचय कराया गया, जिसमें सोशल मीडिया हैंडलिंग, समन्वयक, उपाध्यक्ष और अध्यक्ष सहित विभिन्न पदाधिकारियों की भूमिकाओं को विस्तार से बताया गया।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि क्लबों से जुड़कर उन्हें विभिन्न मीडिया फेस्टिवल, विश्वविद्यालयीय कार्यक्रमों, सांस्कृतिक आयोजनों की कवरेज, प्रोडक्शन, एंकरिंग, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी तथा कंटेंट क्रिएशन जैसे क्षेत्रों में कार्य करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि इन सभी तरह की गतिविधियों ने उनके आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क, संचार कौशल और प्रोफेशनल दृष्टिकोण को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विभागाध्यक्ष प्रो.पवन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि विभाग के तीनों क्लब भले ही अलग-अलग क्षेत्रों में कार्य करते हों, लेकिन उनका उद्देश्य एक ही है-विद्यार्थियों का समग्र विकास। उन्होंने कहा कि कक्षा की पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव ही विद्यार्थियों को उद्योग जगत के लिए तैयार करता है। उन्होंने इंटर्नशिप का उल्लेख करते हुए कहा कि जब अधिकांश विद्यार्थी अपनी छुट्टियों का आनंद ले रहे होते हैं, तब विभागीय क्लबों से जुड़े विद्यार्थी इंटर्नशिप, प्रोजेक्ट्स और व्यावहारिक कार्यों के माध्यम से सीखने, प्रोफेशनलिज्म अपनाने और अपने भविष्य को मजबूत बनाने में लगे रहते हैं।
मुख्य अतिथि प्रो.अनुराधा शर्मा ने विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने, नए कौशल विकसित करने और व्यक्तित्व निखारने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को क्लबों की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का सबसे विशेष आकर्षण सरप्राइज़ प्रशंसा समारोह रहा, जिसमें विभागीय गतिविधियों में निरंतर सक्रिय सहभागिता, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशंसा-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस सम्मान ने उपस्थित विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया तथा नव प्रवेशित छात्रों को भी विभागीय क्लबों से जुड़कर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का समापन नए विद्यार्थियों के साथ फैकल्टी द्वारा शपथ लेकर उत्साह, सकारात्मक ऊर्जा और विभागीय क्लबों के साथ सीखने, सृजन करने तथा समाज और मीडिया के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के संकल्प के साथ हुआ।
