सूरजकुंड दिवाली मेले को लेकर यातायात पुलिस की एडवाइजरी, पार्किंग के लिए किए गए विशेष इंतजाम
23 से 26 अक्टूबर तक आयोजित होगा मेला, भारी वाहनों के लिए निर्धारित मार्गों पर रहेगी नो-एंट्री; आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को नियमानुसार मिलेगी अनुमति
Faridabad : सूरजकुंड मेला परिसर में 23 से 26 अक्टूबर तक तीसरे सूरजकुंड दिवाली उत्सव मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में लोग दीपावली की खरीदारी के साथ हस्तशिल्प, हथकरघा, घर की सजावट से जुड़ी वस्तुओं और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद ले सकेंगे। मेले में आने वाले लोगों की सुविधा और शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए फरीदाबाद यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है।

पुलिस उपायुक्त NIT एवं यातायात उत्तम, IPS के मार्गदर्शन में यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। मेले के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रखने के लिए निर्धारित मार्गों पर सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक नो-एंट्री लागू रहेगी। यह प्रतिबंध भारी एवं वाणिज्यिक वाहनों के लिए रहेगा। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को नियमानुसार अनुमति रहेगी।
यातायात पुलिस के अनुसार पाली चौक से MVN नाका और सूरजकुंड की ओर, अनखीर चौक से सूरजकुंड की ओर, NHPC चौक से सूरजकुंड की ओर तथा प्रहलादपुर दिल्ली बॉर्डर से सूरजकुंड गोल चक्कर की ओर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। भारी वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे रूट मैप में दर्शाए गए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें।

गुरुग्राम और पाली चौक की ओर से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन चालक सैनिक कॉलोनी मोड़, मस्जिद चौक, प्याली चौक और बाटा चौक होते हुए मथुरा रोड (NH-19) का प्रयोग कर सकते हैं। वहीं, प्रहलादपुर दिल्ली बॉर्डर से फरीदाबाद आने वाले वाहन सूरजकुंड की ओर जाने के बजाय बदरपुर बॉर्डर से राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते शहर में प्रवेश करें। NHPC चौक से फरीदाबाद शहर आने वाले वाहन चालकों को भी सूरजकुंड मार्ग के बजाय राष्ट्रीय राजमार्ग का प्रयोग करने की सलाह दी गई है
मेले में आने वाले आगंतुकों की सुविधा के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग निर्धारित की गई है। VVIP पार्किंग धन्तेश्वरी गेट और होटल राजहंस के पास रहेगी। सामान्य पार्किंग के लिए होटल गोल्ड फिंच के सामने चार एकड़ भूमि, होटल ताज विवांता के सामने, होटल ताज विवांता के साथ लगती भूमि तथा सूरजकुंड गोल चक्कर के पास MCF की भूमि निर्धारित की गई है।
फरीदाबाद यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें, सड़क पर अनधिकृत पार्किंग न करें और यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। दिल्ली और फरीदाबाद के बीच आने-जाने वाले वाहन चालक, संभव हो तो, सूरजकुंड मार्ग से बचते हुए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें, ताकि मेले में आने वाले लोगों और आम वाहन चालकों को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े।
