कर्नाटक आए केरल के विद्यार्थियों का होगा कोविड टेस्ट, मिले 38 संक्रमित

केरल से कर्नाटक वापस आए नर्सिंग के 38 विद्यार्थियों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि के बाद हसन के जिलाधिकारियों ने केरल के सभी विद्यार्थियों का कोविड टेस्ट कराने का फैसला किया है। अधिकारियों ने पीजी हॉस्टल को सील कर दिया है और संक्रमितों के संपर्क में आने वाले 27 लोगों को क्वारंटीन कर दिया गया है। एक सप्ताह पहले नर्सिंग की परीक्षा देने आए केरल के 38 विद्यार्थी कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। ये सभी जब राज्य में आए तब इनके पास कोरोना नेगेटिव रिपेार्ट थे। लेकिन हसन जिलाधिकारियों ने कोविड टेस्ट किया।

गुरुवार को आए नतीजों में 21 लड़कियां संक्रमित पाई गई और शुक्रवार को 17 और विद्यार्थियों के रिपोर्ट आए जो पॉजिटिव हैं। सभी एक ही कॉलेज के विद्यार्थी हैं। इसके तुरंत बाद स्वास्थ्य अधिकारियों ने निसर्ग पेइंग गेस्ट हॉस्टल को सील कर दिया। इनके संपर्क में आए 27 लोगों को क्वारंटीन किया गया है। अब केरल से आए सभी विद्यार्थियों को कोविड टेस्ट कराना होगा।

हसन में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने नर्सिंग में एडमिशन लिया है। इस बीच डिप्टी कमिश्नर आर गिरीश के आवास के बाहर वैक्सीन की किल्लत को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। विरोध करने वालों का कहना है कि कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक के लिए एक सप्ताह से अधिक समय से ये इंतजार कर रहे हैं।