पड़ोसी ने गोली मारकर कर दी हत्या, अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को किया गिरफतार

फरीदाबाद : फरीदाबाद के सेक्टर- 21C स्थित एक मल्टी स्टोरी मकान में पड़ोसी का पड़ोसी के साथ हुये विवाद में गोलियां मारकर हत्या करने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित मोहन वासी मकान नंबर 641 द्वित्तय तल, सेक्टर-21C को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार शौर्य निवासी सेक्टर-21 C ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 6 नवम्बर की रात करीब 8:30 बजे उनके पड़ोसी मोहन शर्मा ने उनके फ्लोर की घंटी बजाई और उसके पिताजी परमजीत को गाड़ी हटाने के लिए नीचे बुलाया। शिकायतकर्ता भी अपने पिताजी के साथ नीचे आया। जहां पर मोहन शर्मा, उसके पिताजी के साथ झगड़ा करने लगा और विवाद शुरू कर दिया। इसी दौरान मोहन शर्मा ने पिस्टल निकालकर उसके पिता पर कई गोलियां चला दीं। शिकायतकर्ता पर भी आरोपित ने गोलियां चलाई, उसने गाड़ियों के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई। वारदात के बाद आरोपी अपनी गाड़ी से फरार हो गया। गोलियां लगने से उसके पिताजी की मृत्यु हो गई। जिसकी शिकायत पर थाना सूरजकुंड में हत्या, हत्या के प्रयास, षड्यंत्र की धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच आरंभ की गई।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मामले की गंभीरता के मद्देनजर अपराध शाखाओं की टीमों को आरोपी की तलाश के लिए निर्देशित किया गया। अपराध शाखा सेक्टर 30 प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में टीम ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मोहन शर्मा को 7 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपित मकान नंबर 641 के द्वित्तय तल पर रहता है तथा मृतक परमजीत इस मकान के ग्राउंड फ्लोर पर अपने परिवार सहित रहता था। उनका आपस में छोटी-छोटी बातों पर विवाद रहता था। 6 नवंबर को उसने परमजीत को गाड़ी हटाने के लिए नीचे पार्किंग में बुलाया, जहां पर उनकी कहासुनी हो गई, जिस पर उसने अपनी पिस्टल से परमजीत पर गोलियां चला दी, जिससे परमजीत की मृत्यु हो गई। उसके बेटे को भी मारने के लिए भी उसने गोलियां चलाई थी लेकिन वह बच गया। इसके बाद वह वहां से फरार हो गया था।

आरोपित को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाकर गहन पूछताछ की जाएगी तथा साक्ष्य एकत्रित किए जाएंगे।