पुलिस शहीदी दिवस एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में पुलिस लाइन में हथियारों की प्रदर्शनी और मेडिकल कैंप का आयोजन
एसएलआर, इंसास, एलएमजी, एके-47 और एमपी-5 सहित आधुनिक हथियारों का किया गया प्रदर्शन, पुलिसकर्मियों को दी गई विस्तृत जानकारी
- मेडिकल कैंप में पुलिसकर्मियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, ब्लड प्रेशर, शुगर और ईसीजी सहित की गई विभिन्न जांच
फरीदाबाद : पुलिस शहीदी दिवस एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में फरीदाबाद पुलिस द्वारा आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत 30 अक्टूबर को पुलिस लाइन फरीदाबाद में हथियारों की प्रदर्शनी एवं पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को पुलिस बल की आधुनिक कार्यप्रणाली एवं हथियारों की जानकारी देने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति जागरूक करना रहा।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस महानिदेशक कार्यालय द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों के तहत 21 से 31 अक्टूबर तक पुलिस शहीदी दिवस एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में पुलिस लाइन में आयोजित हथियारों की प्रदर्शनी में एसएलआर, इंसास राइफल, एलएमजी, एके-47, एमपी-5, पिस्टल और रिवॉल्वर सहित पुलिस विभाग में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न आधुनिक एवं अन्य हथियार प्रदर्शित किए गए। इस दौरान पुलिसकर्मियों को हथियारों की कार्यप्रणाली, उपयोगिता, विशेषताओं एवं तकनीकी पहलुओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

उन्होंने आगे बताया कि कार्यक्रम की श्रृंखला में पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए मेडिकल कैंप भी लगाया गया। बत्रा हार्ट अस्पताल की चिकित्सकीय टीम ने पुलिस कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। कैंप में जनरल फिजिशियन डॉ. हेमंती एवं डायटीशियन डॉ. पारुल ने पुलिसकर्मियों के ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और ईसीजी सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांच कीं। चिकित्सकों ने पुलिसकर्मियों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, नियमित व्यायाम करने, पर्याप्त आराम करने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण करवाने की सलाह दी।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिसकर्मियों का कार्यक्षेत्र अत्यंत जिम्मेदारीपूर्ण और चुनौतीपूर्ण होता है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिसकर्मियों को कई बार लंबे समय तक ड्यूटी करनी पड़ती है। ऐसे में उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना बेहद आवश्यक है। मेडिकल कैंप के माध्यम से पुलिसकर्मियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और संभावित बीमारियों की समय रहते पहचान करने का प्रयास किया गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस शहीदी दिवस एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम केवल शहीद पुलिसकर्मियों के सर्वोच्च बलिदान को याद करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनका उद्देश्य पुलिस बल में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, एकता, आपसी सद्भाव और जनसेवा की भावना को भी सुदृढ़ करना है। फरीदाबाद पुलिस द्वारा इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिसकर्मियों के कल्याण के साथ-साथ पुलिस बल की कार्यक्षमता एवं मनोबल को मजबूत करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
