पुलिस शहीदी दिवस व राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यकर्मो के अंतर्गत पुलिस जवानों के शौर्य और बलिदानों के बारे विद्यार्थियों को किया गया जागरूक

डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों को दिखाई गई लघु फिल्म

  • हरियाणा पुलिस के पाइप बैंड ने विभिन्न स्थानों पर दी शानदार प्रस्तुति

फरीदाबाद : पुलिस शहीदी दिवस एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में फरीदाबाद पुलिस द्वारा आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत विद्यार्थियों को पुलिस जवानों के शौर्य, साहस और सर्वोच्च बलिदान से रूबरू कराया गया। इस दौरान पुलिस लाइन सेक्टर-30 स्थित डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों को पुलिस जवानों के बलिदान और वीरता पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई। वहीं, हरियाणा पुलिस के पाइप बैंड ने सेक्टर-12, बल्लभगढ़ सहित विभिन्न स्थानों पर शानदार प्रस्तुति देकर पुलिस शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार पुलिस महानिदेशक कार्यालय द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों के तहत 21 से 31 अक्टूबर तक पुलिस शहीदी दिवस से राष्ट्रीय एकता दिवस तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य पुलिस के शहीद जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश की सुरक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को याद करने के साथ-साथ आमजन, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है।

इसी कड़ी में डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों को लघु फिल्म के माध्यम से पुलिस जवानों की वीरता, संघर्ष और बलिदान की कहानियां दिखाई गईं। विद्यार्थियों को बताया गया कि देश की आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी कठिन परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं और आवश्यकता पड़ने पर राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने से भी पीछे नहीं हटते।

वहीं, हरियाणा पुलिस के पाइप बैंड ने लघु सचिवालय, सेक्टर-12, राजा नहार सिंह पार्क बल्लभगढ़ और अन्य स्थानों पर अपनी मधुर बैंड धुनों की प्रस्तुति दी। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से पुलिस शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उन्हें नमन किया गया और उनके बलिदान को याद किया गया।

फरीदाबाद पुलिस का यह प्रयास पुलिस जवानों की वीरगाथाओं को जन-जन तक पहुंचाने, नई पीढ़ी को उनके त्याग और कर्तव्यनिष्ठा से प्रेरित करने तथा समाज में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और पुलिस के प्रति सम्मान की भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।