24 उद्घोषित अपराधियों व जमानत पर फरार आरोपियों पर कार्रवाई, 26 गुमशुदा लोगों को परिजनों से मिलाया

अवैध शराब, गांजा और जुए के खिलाफ भी कार्रवाई; 50 बोतल देसी शराब, 14 बोतल अंग्रेजी शराब, 20 लीटर कच्ची शराब व 380 ग्राम गांजा बरामद

फरीदाबाद : अपराधियों पर शिकंजा कसने और जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए फरीदाबाद पुलिस का विशेष वीकेंड अभियान लगातार प्रभावी कार्रवाई के साथ आगे बढ़ रहा है। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देशन में 24 से 26 अक्टूबर तक चलाए गए तीन दिवसीय अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न मामलों में 131 आरोपितों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही 24 उद्घोषित अपराधियों एवं जमानत पर फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि 26 गुमशुदा लोगों को तलाश कर सकुशल उनके परिजनों से मिलाया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अभियान के तहत जिले के विभिन्न थानों, अपराध शाखाओं और विशेष टीमों ने समन्वित रूप से कार्रवाई करते हुए अपराधियों, नशा तस्करों, अवैध शराब बेचने वालों तथा जुआ खेलने और खिलाने वालों के खिलाफ शिकंजा कसा। अभियान का उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना और आमजन के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना रहा।

विशेष अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 50 बोतल देसी शराब, 14 बोतल अंग्रेजी शराब और 20 लीटर कच्ची शराब बरामद की। वहीं, नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई करते हुए 380 ग्राम गांजा भी बरामद किया गया। इसके अतिरिक्त, जुआ खेलने और खिलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के दौरान 8,600 रुपये की नकदी बरामद की गई।

अभियान के दौरान अपराधियों की धरपकड़ के साथ-साथ गुमशुदा लोगों की तलाश पर भी विशेष ध्यान दिया गया। पुलिस ने 26 गुमशुदा लोगों को तलाश कर सकुशल उनके परिजनों तक पहुंचाया। वहीं, उद्घोषित अपराधियों और जमानत पर फरार आरोपियों के खिलाफ की गई कार्रवाई से कानून से बचकर घूम रहे आरोपियों पर शिकंजा कसने में मदद मिली।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार फरीदाबाद पुलिस ने जुलाई 2026 से अब तक 11 वीकेंड अभियान चलायें हैं। इस दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 2100 से अधिक लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, 1006 उद्घोषित अपराधियों व जमानत पर फरार अपराधियों पर कार्रवाई की गई है। पुलिस द्वारा 68 देसी कट्टा, 2 पिस्टल, 32 कारतूस तथा 4 मैगजीन बरामद की है। इसी प्रकार आबकारी अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए 3667 बोतल देशी शराब, 797 बोतल अंग्रेजी बरामद की गई हैं वहीं 50 किलोग्राम के करीब गांजा, 1.588 किलोग्राम अफीम तथा 8000 से अधिक प्रतिबंधित टैबलेट्स कैप्सूल बरामद किए हैं।

पुलिस की आमजन से अपील है कि अपने आसपास किसी भी प्रकार की आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। इसके लिए पुलिस कंट्रोल रूम नंबर *9999150000, **0129-2227200* अथवा *डायल 112* पर संपर्क किया जा सकता है। समय पर दी गई सूचना से पुलिस को प्रभावी कार्रवाई करने में मदद मिलती है।