फरीदाबाद के उद्यमियों के लिए मध्य प्रदेश में निवेश के नए अवसर, एमएएफ की पहल पर एमपीआईडीसी के साथ औद्योगिक संवाद

सुखदेव सिंह ने उद्योगों को नए अवसरों से जोड़ने के लिए एमएएफ के प्रयासों को सराहा, रमनीक प्रभाकर ने अंतरराज्यीय औद्योगिक सहयोग पर दिया जोर

फरीदाबाद  । फरीदाबाद के उद्योगों को देश के अन्य राज्यों में निवेश और कारोबार विस्तार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन फरीदाबाद (MAF) ने एक महत्वपूर्ण पहल की। एसोसिएशन द्वारा रेडिसन ब्लू होटल, फरीदाबाद में मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम (MPIDC) के प्रतिनिधिमंडल के साथ औद्योगिक संवाद बैठक आयोजित की गई। बैठक में मध्य प्रदेश में औद्योगिक निवेश की संभावनाओं, सरकारी प्रोत्साहन योजनाओं और उद्योगों के विस्तार से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

एमपीआईडीसी के क्षेत्रीय कार्यालय, उज्जैन के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर राजेश राठौड़ (IAS)के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने उद्यमियों को मध्य प्रदेश की औद्योगिक नीतियों, निवेश के लिए उपलब्ध सुविधाओं, औद्योगिक भूमि, आधारभूत संरचना और विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार विस्तार की संभावनाओं की जानकारी दी। बैठक में मध्य प्रदेश औद्योगिक नीति 2025 तथा आगामी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) 2027 के संदर्भ में भी निवेश के अवसरों पर विचार-विमर्श किया गया।

MAF के प्रधान सुखदेव सिंह ने कहा कि फरीदाबाद देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में से एक है और यहां के उद्यमियों में अपने कारोबार को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की अपार क्षमता है। इसके लिए आवश्यक है कि उद्योगपतियों को समय-समय पर नई औद्योगिक नीतियों, सरकारी योजनाओं और निवेश की संभावनाओं की जानकारी मिलती रहे। उन्होंने कहा कि एमएएफ उद्योग जगत की समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाने के साथ-साथ उद्यमियों को नए अवसरों से जोड़ने और उद्योगों के हित में सकारात्मक वातावरण तैयार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने इस प्रकार के संवाद कार्यक्रमों को उद्योगों की प्रगति और नए व्यावसायिक संबंधों के निर्माण के लिए महत्वपूर्ण बताया।

MAF के महासचिव रमनीक प्रभाकर ने कहा कि एसोसिएशन का उद्देश्य फरीदाबाद के उद्योगों को केवल स्थानीय स्तर तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध निवेश, व्यापार और औद्योगिक विस्तार के अवसरों से जोड़ना भी है। उन्होंने कहा कि एमएएफ उद्योगपतियों और सरकारी संस्थानों के बीच एक प्रभावी सेतु के रूप में कार्य कर रही है। ऐसे संवाद कार्यक्रमों से उद्यमियों को सीधे अधिकारियों से बातचीत करने, नीतियों को समझने और अपने व्यवसाय के विस्तार के लिए नए विकल्प तलाशने का अवसर मिलता है। उन्होंने विश्वास जताया कि MPIDC के साथ यह संवाद फरीदाबाद और मध्य प्रदेश के उद्योगों के बीच सहयोग को मजबूत करेगा तथा भविष्य में निवेश और व्यावसायिक साझेदारी की नई संभावनाएं विकसित होंगी।

MPIDC के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर राजेश राठौड़ ने कहा कि मध्य प्रदेश उद्योगों की स्थापना और विस्तार के लिए विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं उपलब्ध करा रहा है। राज्य सरकार की औद्योगिक नीति 2025 के तहत निवेश को प्रोत्साहित करने, औद्योगिक आधारभूत संरचना विकसित करने और निवेशकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने फरीदाबाद के उद्यमियों को मध्य प्रदेश में उपलब्ध औद्योगिक अवसरों, निवेश प्रोत्साहनों और कारोबार विस्तार की संभावनाओं का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि एमएएफ जैसे औद्योगिक संगठनों के साथ संवाद से निवेशकों तक सही जानकारी पहुंचाने और उद्योग जगत के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने में सहायता मिलती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस बैठक से दोनों क्षेत्रों के उद्यमियों के बीच नए व्यावसायिक संपर्क और औद्योगिक सहयोग विकसित होंगे।

बैठक के दौरान एमएएफ की नवप्रकाशित मैगजीन 2026 भी राजेश राठौड़ को भेंट की गई। मैगजीन के माध्यम से एसोसिएशन की औद्योगिक गतिविधियों, उपलब्धियों और उद्योग जगत के हित में किए जा रहे प्रयासों को प्रस्तुत किया गया।

बैठक में उपस्थित उद्योग प्रतिनिधियों ने मध्य प्रदेश में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक सुविधाओं और कारोबार विस्तार से जुड़े विषयों पर चर्चा की। इस अवसर पर पुष्पेंद्र सिंह, सुनील सचदेवा, जगदीश शर्मा, प्रमोद प्रभाकर, प्रवीण गुप्ता और विवेक गौतम सहित अनेक उद्योग प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

MAF द्वारा आयोजित यह बैठक उद्योगों को नए राज्यों में उपलब्ध अवसरों से परिचित कराने और उद्योग एवं सरकार के बीच संवाद को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण रही। एसोसिएशन का प्रयास है कि फरीदाबाद के उद्यमियों को नई औद्योगिक नीतियों, निवेश संभावनाओं और व्यावसायिक साझेदारियों से जोड़कर क्षेत्र के औद्योगिक विकास को और गति दी जाए।