बहुराष्ट्रीय कंपनियों का जे.सी. बोस विश्वविद्यालय पर भरोसा बरक़रार, विद्यार्थियों को मिला शानदार प्लेसमेंट
विश्वविद्यालय के छात्रों को पढ़ाई पूरी होने से पहले ही मिले जॉब ऑफर्स, लाखों के पैकेज
फरीदाबाद, 19 अक्टूबर : जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद में चल रहे प्लेसमेंट अभियान में छात्रों ने शानदार सफलता हासिल की है। कोर सेक्टर इंजीनियरिंग और आईटी क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों में विभिन्न इंजीनियरिंग शाखाओं के विद्यार्थियों का चयन लगातार जारी है, जिसने साबित किया है कि बहुराष्ट्रीय कंपनियों का जे.सी. बोस विश्वविद्यालय पर भरोसा बरक़रार रखा है।
सत्र 2026–27 के पास आउट होने वाले विद्यार्थियों के लिए जारी प्लेसमेंट ड्राइव के तहत अब तक 51 छात्रों का चयन नामी कंपनियों में 5 लाख रुपये से लेकर 18.5 लाख रुपये वार्षिक के वेतन पैकेज पर हो चुका है। हाल ही में आयोजित प्लेसमेंट ड्राइव में मैकेनिकल, कंप्यूटर, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग के 27 विद्यार्थियों को प्रेफर्ड स्क्वायर, केसलेक, हीरो मोटोकॉर्प, एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड और एसएमएस ग्रुप जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों में नियुक्तियां मिली हैं।

विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट ट्रैक रिकॉर्ड को देखें तो वर्ष 2025–26 के दौरान 500 से अधिक कंपनियों ने प्लेसमेंट ड्राइव में हिस्सा लिया था। इस दौरान अमेज़न कंपनी द्वारा विद्यार्थियों को 45 लाख रुपये प्रति वर्ष का उच्चतम पैकेज प्रदान किया गया। वहीं एडोब ने 47 लाख रुपये, सिस्को इंडिया ने 41 लाख रुपये और सैमसंग आरएंडडी ने 15.6 लाख रुपये प्रति वर्ष के आकर्षक वेतन पैकेज पर छात्रों का चयन किया है।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कुलगुरु प्रो. संजय कौशिक ने कहा कि विश्वविद्यालय के छात्रों ने हर क्षेत्र में खुद को साबित किया है। यह बेहद गर्व की बात है कि देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियां हमारे छात्रों की क्षमता पर भरोसा जताते हुए उन्हें अंतिम सेमेस्टर पूरा होने से पहले ही जॉब ऑफर कर रही हैं। आज संस्थान के एलुमनाई (पूर्व छात्र) डाकिन इंडिया, अमेज़न, सैमसंग और कैडेंस जैसी वैश्विक कंपनियों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट अधिकारी प्रो. विकास कुमार ने बताया कि आईटी और कंप्यूटर के साथ-साथ कोर सेक्टर जैसे मैकेनिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में भी कंपनियों की ओर से बेहतरीन प्रतिक्रिया मिल रही है।
वहीं, उप ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट अधिकारी डॉ. सोमवीर बजाड़ ने बताया कि फ्लिपकार्ट, कैडेंस और हीरो मोटोकॉर्प जैसी कंपनियों की विविधता भर्ती (डाइवर्सिटी हायरिंग) योजनाओं से छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ा है, जिन्हें इंटर्नशिप के प्रदर्शन के आधार पर प्री-प्लेसमेंट ऑफर दिए जा रहे हैं। प्लेसमेंट दर को और बेहतर बनाने के लिए विश्वविद्यालय का रोज़गार एवं प्रशिक्षण कार्यालय लगातार सॉफ्ट स्किल कार्यशालाएं, तकनीकी सत्र और मूल्यांकन परीक्षाएं आयोजित कर रहा है।
