नशे की तस्करी से संबंधित जानकारी 1933 अथवा 90508-91508 पर साझा करें- एनसीबी

स्वस्थ जीवन के तीन मूल मंत्र- पर्याप्त नींद, क्रोध पर नियंत्रण और नशे से दूरी- डॉ अशोक

फरीदाबाद। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार, आईपीएस तथा पुलिस उप महानिरीक्षक सह संयुक्त पुलिस आयुक्त, फरीदाबाद राजेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के मार्गदर्शन में नशे के विरुद्ध जन जागरण के विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने आज बल्लबगढ़ बस अड्डे पर स्थित चालक प्रशिक्षण संस्थान में नशे के विरुद्ध एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जिसमें 35 प्रशिक्षणार्थियों और 3 अन्य कर्मियों ने भाग लिया।

एक दिवसीय कार्यशाला के अंतर्गत प्रशिक्षणार्थियों को नशे के विरुद्ध जागरूक करते हुए डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि एक जागरूक वाहन चालक को तीन बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए- प्रथम स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से नींद भरपूर ले, द्वितीय क्रोध पर नियंत्रण रखे और तृतीय नशे से सदैव दूर रहे। ये तीन मूल मंत्र प्रत्येक चालक के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने आगे कहा कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें। नशे की तस्करी से संबंधित जानकारी राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन 1933 अथवा हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की हेल्पलाइन 90508-91508 पर साझा करें, ताकि नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने युवाओं से हृदय पर हाथ रखकर शपथ दिलाई कि वे जीवन में कोई नशा नहीं करेंगे और अन्य लोगों को भी नशा न करने के लिए प्रेरित करेंगे।