भारी बारिश के चलते राजकोट एयरपोर्ट की छत ढही, गुजरात में भी दिल्ली एयरपोर्ट जैसी घटना

गुजरात के राजकोट में भी दिल्ली एयरपोर्ट जैसी घटना सामने आई है। यहां राजकोट हवाई अड्डे के टर्मिनल के बाहर शनिवार को भारी बारिश के कारण छत गिर गई। गनीमत रही की इस हादसे में किसी के भी घायल होने की कोई खबर नहीं है। सोशल मीडिया पर भी एक वीडियो सामने आया है, जिसमें छत गिरने के समय एयरपोर्ट के अधिकारी मौके पर दिखाई दे रहे हैं। यह घटना टर्मिनल के बाहर यात्री पिक-अप और ड्रॉप क्षेत्र में घटित हुई। इससे एक दिन पहले दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल 1 पर भी ऐसी ही एक घटना हुई थी जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और कुछ अन्य घायल हो गए थे।
शुक्रवार को मौसम विभाग ने कहा कि दक्षिण गुजरात में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र सक्रिय है, जिससे राज्य के कुछ हिस्सों में व्यापक बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने यह भी कहा कि अगले पांच दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा। शनिवार के लिए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दक्षिण गुजरात के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है, जिसमें भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
NEWS SOURCE : punjabkesari
