SC के वकीलों के पास फिर आया रिकॉर्डेड कॉल, 26 जनवरी को दिल्ली में कश्मीर का झंडा फहराने की दी धमकी

सुप्रीम कोर्ट के वकीलों को सोमवार एक बार फिर से गुमनाम नंबर से एक ऑटोमेटेड कॉल(स्वचालित कॉल) आई। कॉल में वकीलों से कहा गया कि गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में कश्मीर का झंडा फहराया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट के कुछ एडवोकेट ऑन रिकॉर्ड(एओआर) को किए गए कॉल में कॉलर ने खुद को इंडियन मुजाहिदीन के सदस्य होने का दावा किया। उसने कहा कि कश्मीर से अनुच्छेद-370 को निरस्त करने के लिए सुप्रीम कोर्ट उतना ही जिम्मेदार है जितना कि मोदी सरकार। बता दें कि ऐसा पहली बार नहीं है जब सुप्रीम कोर्ट के वकीलों को किसी अज्ञात नंबर से धमकी भरे कॉल आए हों।

इस महीने की शुरुआत में वकीलों को यूनाइटेड किंगडम और कनाडा में गुमनाम नंबरों से कॉल आए थे, जिसमें पंजाब के हुसैनवाला फ्लाईओवर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुरक्षा उल्लंघन की जिम्मेदारी ली गई थी। उस वक्त कॉलर ने ‘सिख फॉर जस्टिस’ का सदस्य होने का दावा किया था। इतना ही नहीं तब सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों को भी एक गैर सरकारी संगठन ‘लॉयर्स वॉयस’ द्वारा दायर जनहित याचिका पर सुनवाई करन से परहेज करने की चेतावनी दी गई थी। लॉयर्स वॉयस’ ने पीएम मोदी मोदी की पंजाब में हुई सुरक्षा चूके मामले की जांच करने की मांग की थी।

Source News: punjabkesari