पत्नी ने पति को पिलाया जहरीला दूध, हालत बिगड़ने पर परिजनों ने अस्पताल में करवाया भर्ती

कैथल : जिले के गांव रेवाड़ा जागीर में व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी पर दूध में जहरीला पदार्थ पिलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

शिकायतकर्ता टोनी राम ने बताया कि वह गुहला राइस मिल में काम करता है। पिछले साल एक अप्रैल 2021 को सीमा के साथ उसकी शादी हुई थी। शादी के बाद से ही उसकी पत्नी उस पर दबाव बनाते हुए कहती थी कि अगर उसके साथ रहना है तो उसकी हर बात माननी पड़ेगी। इस बारे में उसने अपनी पत्नी को कई बार समझाया, लेकिन उसकी कोई बात नहीं सुनी।

पीड़ित ने कहा कि 19 जनवरी को वह काम से घर वापस आया और भूख लगने पर पत्नी को दूध पिलाने को कहा। आरोप है कि उसकी पत्नी ने उसे दूध में कोई नशीली चीज मिलाकर पिला दी। जब उसने पत्नी सीमा को कहा कि दूध पीने में अजीब लग रहा है तो कहा कि आज के बाद दूध पीने में अच्छा लगेगा। टोनी राम ने बताया कि दूध पीने के बाद उसे चक्कर आने लगे। कुछ देर बाद तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर परिवार वालों ने उसे शहर के शाह अस्पताल में भर्ती करवाया। पीड़ित व्यक्ति ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी सीमा ने उसे मारने की नीयत से दूध में जहरीला पदार्थ पिलाया है।

Source News: punjabkesari