Fact Check : यूपी पुलिस के नाम पर मास्‍क चेकिंग की फर्जी पोस्‍ट वायरल

सोशल मीडिया में एक बार फिर से यूपी पुलिस के नाम पर फर्जी पोस्‍ट वायरल हो रही है। देश में कोविड के बढ़ते केस के बीच इस पोस्‍ट को वायरल करते हुए कुछ लोग दावा कर रहे हैं कि उत्तर प्रदेश पुलिस 30 दिन का मास्‍क चेकिंग अभियान शुरू करने जा रही है। इसके तहत बिना मास्‍क के पकड़े जाने वालों को 10 घंटे की अस्‍थाई कारावास की सजा मिलेगी।

फैक्‍ट चेकिंग वेबसाइट विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल पोस्‍ट पूरी तरह फर्जी निकली। यूपी पुलिस की ओर से ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया है। विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की तह में जाने के लिए सबसे पहले यूपी पुलिस के फैक्‍ट चेक हैंडल @UPPViralCheck को खंगालना शुरू किया। वहां वायरल पोस्‍ट का खंडन करती एक पोस्‍ट मिली। इसमें लिखा गया कि यूपी पुलिस द्वारा ऐसी कोई एडवाइजरी जारी नहीं की गई है पर सबको ये एडवाइस ज़रूर है कि मास्क ज़रूर पहनें। मास्क एन्फ़ोर्समेंट 30 दिन ही नहीं, बल्कि कोविड का प्रकोप रहने तक जारी रहेगा। मास्क न पहनने पर विधिक कार्यवाही की जायेगी। अस्थायी कारावास का प्रावधान नहीं है।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए विश्‍वास न्‍यूज ने नोएड एसीपी रजनीश वर्मा से संपर्क किया। उन्‍होंने बताया कि यूपी पुलिस की ओर से ऐसी कोई एडवाइजरी नहीं जारी की गई है। लोगों को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने और मास्क पहनने के लिए जागरूक किया जा रहा है।