जाति-धर्म से ऊपर उठकर युवाओं के दिलों में देशभक्ति की भावना जागृत करें: बिट्टा
फरीदाबाद : ऑल इंडिया एंटी टेरारिस्ट फ्रंट के चेयरमैन और जिंदा शहीद के नाम से प्रसिद्ध मनिंदरजीत सिंह बिट्टा ने कहा कि युवाओं के दिलों में देशभक्ति की भावना जागृत करने के लिए हमें जाति और धर्म से हटकर बात करनी होगी। एमएस बिट्टा शुक्रवार शाम को एनआईटी पांच स्थित सी. दास ग्रुप के कार्पोरेट ऑफिस में स्व. डा. छबील दास भाटिया के निधन पर परिवारजनों से मिलकर शोक व्यक्त करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें सी.दास फाउंडेशन के अंतर्गत चल रहे रेडियो महारानी के बारे में भी बताया गया, जिसके बाद उन्होंने रेडियो में भी इंटरव्यू दिया।

रेडियो महारानी पर दिए अपने इंटरव्यू में पूछे गए एक सवाल में उन्होंने कहा कि देश के युवाओं में देशभक्ति की भावना कूट कूट कर भरी हुई है। फिल्म इंडस्ट्री में भी पिछले कुछ समय से देशभक्ति से ओतप्रोत फिल्में बन रही हैं, जोकि युवाओं के दिलो दिमाग पर गहरा असर डालती हैं और उन्हें देश सेवा के लिए प्रेरित करती हैं। देश की आजादी के 75वीं सालगिरह के मौके पर उन्होंने वतन की रक्षा करते हुए शहीद हुए सैनिकों को नमन करते हुए तिरंगे का महत्व बताते हुए सभी से उसका सम्मान करने की बात कही। उन्होंने ने युवाओं से आह्वान किया कि तिरंगे की आन, बान और शान के लिए देश के वीर जवानों ने अपने प्राण न्यौछावर किए हैं। इसलिए हमें तिरंगे का सम्मान करते हुए उन शहीदों को भी नहीं भूलना है।
इस दौरान सी.दास ग्रुप के चेयरमैन बीआर भाटिया, निदेशक विपिन भाटिया, मुकेश भाटिया, नितेश भाटिया, वितेश भाटिया व भाटिया सेवक समाज के प्रधान मोहन सिंह भाटिया ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर व स्मृति चिन्ह भेंट कर उन्हें सम्मानित किया।
——
अक्षय कुमार या अजय देवगन निभाएं उनका किरदार
एमएस बिट्टा की जिदंगी पर आधारित एक फिल्म की तैयारियां भी चल रहीं हैं। इस फिल्म का शीर्षक जिंदा शहीद है, जिस पर फिल्म के निर्माता शैलेंद्र सिंह और प्रिया गुप्ता जल्द ही काम शुरू करने वाले हैं। फिल्म में किस अभिनेता को उनका किरदार निभाते हुए देखना चाहते हैं कि सवाल पर बिट्टा ने कहा कि वे चाहते हैं उनका किरदार अक्षय कुमार या अजय देवगन निभाएं। दोनों ही अभिनेता देशभक्ति और सैनिकों से संबंधित फिल्मों में अक्सर किरदार निभाते रहते हैं।
——
डा. सी.दास भाटिया के निधन पर शोक व्यक्त किया
एमएस बिट्टा को सी.दास ग्रुप के संस्थापक डा. सी.दास भाटिया के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि स्व. डा. छबील दास भाटिया ने गरीबों के उत्थान में अपना पूरा जीवन गुजार दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि स्व. डा. भाटिया अपने सभी पुत्रों बीआर भाटिया, आरके भाटिया, विपिन भाटिया व मुकेश भाटिया को विरासत में अपने संस्कार व समाजसेवा का गुण देकर गए हैं, जिसे वे बखूबी निभा रहे हैं।
