बॉबी रावत और संजीव अत्री ने किया पोर्टल मशीन का उद्घाटन
अब ऑनलाइन मिलेंगे बार के वेलफेयर टिकट, अध्यक्ष बॉबी रावत और महासचिव संजीव अत्री की नई पहल
फरीदाबाद। धनतेरस के शुभ अवसर पर जिला बार एसोसिएशन फरीदाबाद ने अधिवक्ताओं के हित एवं कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल की शुरुआत की। जिला न्यायालय सेक्टर-12 स्थित बार परिसर में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विवेक रावत उर्फ बॉबी रावत एवं महासचिव संजीव अत्री ने संयुक्त रूप से बार पोर्टल मशीन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बार के सभी पदाधिकारी एवं अनेक अधिवक्ता मौजूद रहे।

अधिवक्ता एवं समाजसेवी डॉ. मोहन तिवारी ने बताया कि इस पोर्टल के माध्यम से अधिवक्ताओं को ऑनलाइन वेलफेयर टिकट प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। व्यवस्था शुरू होने के बाद अब तक लगभग 100 अधिवक्ता ऑनलाइन टिकट प्राप्त कर चुके हैं। इस डिजिटल व्यवस्था से टिकट जारी करने की मैनुअल प्रक्रिया समाप्त होगी और संबंधित कार्य पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किए जाएंगे। टिकट से प्राप्त राशि सीधे बार एसोसिएशन के बैंक खाते में हस्तांतरित होगी, जिससे आर्थिक लेन-देन में पारदर्शिता और रिकॉर्ड का व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित होगा।
उन्होंने कहा कि बार अध्यक्ष बॉबी रावत और महासचिव संजीव अत्री द्वारा अधिवक्ताओं की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए आधुनिक तकनीक से जोड़ने का प्रयास सराहनीय है। किसी भी बार एसोसिएशन की वास्तविक मजबूती उसके सदस्यों को मिलने वाली सुविधाओं और पारदर्शी कार्यप्रणाली से होती है। धनतेरस के अवसर पर शुरू की गई यह पहल अधिवक्ता समुदाय के हित में एक सकारात्मक कदम है।
इस मौके पर बार अध्यक्ष विवेक रावत उर्फ बॉबी रावत एवं महासचिव संजीव अत्री ने कहा कि यह व्यवस्था अधिवक्ताओं के हित और कल्याण को ध्यान में रखकर शुरू की गई है। उनका प्रयास है कि बार एसोसिएशन की कार्यप्रणाली को आधुनिक, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाया जाए तथा अधिवक्ताओं को तकनीक के माध्यम से बेहतर सुविधाएं मिलें।
कार्यक्रम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष भीष्म नारायण मुड़गल, उपाध्यक्ष सुरेश शर्मा, महिला उपाध्यक्ष आरती शर्मा, अतिरिक्त सचिव के.पी. खटाना, कोषाध्यक्ष अंकित नागर, संयुक्त सचिव अरुण भारद्वाज, रंजीता पटेल, ज्ञान कौर, पूर्व महासचिव संदीप पराशर सहित बार के अन्य पदाधिकारी एवं अधिवक्ता उपस्थित रहे।
