भ्रष्टाचार मामले में संलिप्त जिला शिक्षा अधिकारी मुनेश चौधरी को जल्द किया जाए पद से बर्खास्त –जसवंत पवार

फरीदाबाद । भ्रष्टाचारी जिला शिक्षा अधिकारी के अपने पद पर बने रहने पर युवा आगाज संगठन की ओर से नाराजगी जाहिर करते हुए शुक्रवार को जिला उपायुक्त कार्यालय सेक्टर 12 में जोरदार रोष प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान छात्र संगठन की ओर से हरियाणा सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाए गए। साथ ही भ्रष्टाचार के मामले में संलिप्त जिला शिक्षा अधिकारी को भी जल्द से जल्द पद छोड़ने को भी कहा गया। युवा आगाज संगठन के अध्यक्ष जसवंत पवार ने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी मुनेश चौधरी पर 27 लाख रुपए गबन के आरोप में एफआईआर दर्ज हो चुकी है बावजूद इसके वह अपने पद पर बनी हुई हैं।

संगठन ने हरियाणा सरकार से मांग करते हुए कहा है कि तुरंत प्रभाव से जिला शिक्षा अधिकारी को उसके पद से हटाया जाए साथ ही निष्पक्ष जांच की जाए। इस संबंध में संगठन की ओर से सीएम मनोहर लाल खट्टर के नाम जिला उपायुक्त की अनुपस्थिति में जिला मजिस्ट्रेट नसीब सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। संगठन के अध्यक्ष जसवंत पवार ने कहा की बड़े दुर्भाग्य की बात है कि जिस अधिकारी के खिलाफ ऐसा मुकदमा दर्ज हो और वह शिक्षा के सर्वोपरि पद पर बैठे रहे। उन्होंने प्रशासन के ढीले रवैए पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि इससे बड़ी और कोई शर्म की बात नहीं हो सकती। प्रदर्शनकारी छात्र संगठन ने कहा कि जब तक शिक्षा अधिकारी को बर्खास्त नहीं किया जाएगा तब तक वह जिला उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन करते रहेंगे। इस मौके पर राहुल पवार, सुनील, दीपक आजाद, धीरज कौशिक,शिवम पांडे, पवन चौधरी,भरत, मुख्य रूप से मौजूद रहे।