सिसोदिया की ईमानदारी पूरे देश के सामने साबित हुई, केजरीवाल ने जमकर लगाई BJP को लताड़ बोले

दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को अपने बैंक लॉकर की तलाशी में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को कुछ नहीं मिलने का दावा किया, जिसके बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सिसोदिया की ईमानदारी और देशभक्ति पूरे देश के सामने साबित हो गयी है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई ‘गंदी राजनीति’ से प्रेरित है। सीबीआई के चार सदस्यीय दल ने गाजियाबाद के वसुंधरा में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की शाखा में करीब दो घंटे तक तलाशी ली। इस दौरान सिसोदिया और उनकी पत्नी उपस्थित थे।

IMAGES SOURCE : GOOGLE

केजरीवाल ने इस संबंध में संवाददाताओं से सिसोदिया की बातचीत की टेलीविजन समाचार ‘क्लिप’ साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘मनीष के घर से कुछ नहीं मिला, लॉकर से कुछ नहीं मिला। सीबीआई जांच में कुछ नहीं निकला। मनीष की ईमानदारी और देशभक्ति फिर से पूरे देश के सामने साबित हो गई।” उन्होंने कहा, ‘‘ज़ाहिर है कि इनकी पूरी कार्रवाई गंदी राजनीति से प्रेरित है। उम्मीद करता हूँ अब ये गंदी राजनीति बंद करके हमें अपना काम करने देंगे।” सीबीआई द्वारा करीब दो घंटे तक लॉकर की जांच किये जाने के बाद सिसोदिया ने कहा कि जांच एजेंसी ने उन्हें ‘क्लीन चिट’ दे दी है।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि सीबीआई दबाव में काम कर रही है। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सिसोदिया उन 15 लोगों और संस्थाओं में शामिल हैं, जिन्हें दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 के क्रियान्वयन में हुई कथित अनियमितताओं के सिलसिले में दर्ज सीबीआई की प्राथमिकी में नामजद किया गया है। सिसोदिया ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि मुझे आज तलाशी में सीबीआई से ‘क्लीन चिट’ मिली। उन्हें मेरे लॉकर या आवास की तलाशी से कुछ भी ऐसा नहीं मिला जिससे कानून का उल्लंघन होता हो।”

 

NEWS SOURCE : punjabkesari