राहुल हत्याकाण्ड: शेष आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पीडि़त पक्ष में रोष

फरीदाबाद : सागरपुर-सुनपेड़ रोड पर शनिवार रात चाकू से गोदकर राहुल की हत्या मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पीडि़त पक्ष में रोष है। पीडि़त पक्ष ने भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता बिजेंद्र नेहरा पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप भी लगाया है। बिजेंद्र नेहरा सागरपुर गांव से ही है, उन्होंने आरोपों को पूरी तरह से निराधार बताया है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस इस मामले में दो आरोपियों आशीष और प्रताप को गिरफ्तार कर चुकी है। बाकी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दिए जाने का दावा पुलिस की ओर से किया जा रहा है।

राहुल के सीआईडी विंग से रिटायर्ड चाचा विजय कुमार व अन्य परिजन ने नीलम-रेलवे रोड स्थित एक होटल में मीडिया कर्मियों से बातचीत में आरोप लगाया कि बिजेंद्र नेहरा इस मामले की जांच में हस्तक्षेप कर रहे हैं। आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। वह तीन व चार जनवरी को थाना सदर बल्लभगढ़ भी गए थे। पुलिस बिजेंद्र नेहरा के मोबाइल फोन की काल डिटेल की जांच करे तो पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी। बाकी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।निर्दोष फंसे न और दोषी बचने न पाए: बिजेंद्र नेहरा भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता बिजेंद्र नेहरा ने बताया कि वह शुरू से कह रहे हैं कि दोषी बचना नहीं चाहिए और निर्दोष फंसना नहीं चाहिए। यह बात उन्होंने राहुल के परिजन व पुलिस को भी कही थी। निश्चित रूप से निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। हत्या की धारा से किसी निर्दोष का पूरा जीवन बर्बाद हो जाता है। वह किसी पर दबाव नहीं बना रहे हैं। इस मामले में अमन और आशीष को गलत फंसाया गया है। घटना के समय ये दोनों घर पर थे। इनकी काल डिटेल निकलवाई जा सकती है। इसके अलावा मृतक राहुल के परिवार में उनकी मौसी हैं। इसलिए उनके लिए दोनों पक्ष बराबर हैं। उन पर राजनीति के चलते गलत आरोप लगाए जा रहे हैं।

एक जनवरी को हुई थी हत्या राहुल की हत्या शनिवार की रात हुई थी। राहुल के पिता गांव सागरपुर धर्मराज की शिकायत पर हरिओम, सागर, अमन, आशीष सहित अन्यों पर राहुल की चाकू से गोदकर हत्या के आरोप लगे थे। इस मामले में राहुल के साथ मौके पर मौजूद रिंकू अगले दिन रेलवे ट्रैक पर मृत मिला था।